प्रधानमंत्री श्री मोदी की उपस्थिति में हुआ भव्य शपथ ग्रहण समारोह श्री भजन लाल शर्मा ने ली प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ – सुश्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने ली उप मुख्यमंत्री पद की शपथ – राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ

RTGD REQUIRES

जयपुर, 15 दिसम्बर 2023

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने शुक्रवार को रामनिवास बाग में आयोजित भव्य समारोह में श्री भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
राज्यपाल मिश्र ने इस अवसर पर सुश्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा को उप मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रदेशभर से पधारे साधु-संतों ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्रियों को आशीर्वाद दिया।
शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितीन गडकरी, केन्द्रीय कानून एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल, केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री कैलाश चौधरी, सांसद श्री जेपी नड्डा, श्री सी.पी. जोशी, श्री रामचरण बोहरा, श्री अरूण सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे, गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत, गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री श्री माणिक साहा, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे एवं श्री अशोक गहलोत, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य, नागालैंड के उप मुख्यमंत्री श्री यानथुंगो पैतन सहित वरिष्ठ पदाधिकारी सम्मिलित हुए। शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित विधायक और अपार जनसमूह उपस्थित था।
शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन का वादन हुआ। मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने शपथ ग्रहण से संबंधित कार्यवाही का संचालन किया।  बाद में सभी ने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा का अभिनंदन करते हुए उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने सीएमओ में संभाला पदभार
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को शपथ ग्रहण करने के बाद शाम को शासन सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना करते हुए पदभार संभाला।
इस अवसर पर केन्द्रीय कानून एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल, केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री कैलाश चौधरी, राजस्थान विधानसभा के मनोनीत अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, उप मुख्यमंत्री सुश्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेम चंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे, सांसद श्री सी.पी. जोशी, श्री रामचरण बोहरा, विधायक कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, श्रीमती दीप्ति किरण माहेश्वरी, महंत बालमुकुंदाचार्य, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राजेंद्र राठौड़, पूर्व मंत्री श्री अरूण चतुर्वेदी, पूर्व विधायक श्री अशोक परनामी, पूर्व उप नेता प्रतिपक्ष श्री सतीश पूनिया उपस्थित रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अभिवादन कर स्वागत किया।
उपमुख्यमंत्री को कराया पदभार ग्रहण
मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने शासन सचिवालय स्थित श्री गणेश मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश में खुशहाली और सुख समृद्धि के लिए कामना की। इसके साथ ही उन्होंने उप मुख्यमंत्री सुश्री दिया कुमारी को भी पदभार ग्रहण कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *