विश्व वानिकी दिवस पर किला रोड़ स्थित औषधीय उद्यान में नाम पट्टिका अनावरण एवं वृक्षारोपण

जोधपुर, 22 मार्च, 2023। विश्व वानिकी दिवस के उपलक्ष्य में मेहरानगढ़ पहाड़ी पर्यावरण विकास समिति तथा मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किला रोड़ स्थित औषधीय उद्यान की नाम पट्टिका का अनावरण महाराजा गजसिंहजी एवं अतिथियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।
मेहरानगढ़ पहाड़ी पर्यावरण विकास समिति के अध्यक्ष प्रसन्नपुरी गोस्वामी ने बताया कि इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराजा गजसिंहजी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों की महत्ता तथा मारवाड़ में पानी को सहेजने की परम्पराओं पर बल देते हुए शहर के चारों ओर आयी हुई पहाड़ियों के वर्षा जल संग्रहण के लिए बनाई गई नहरों तथा जलस्रोतों के महत्व के साथ-साथ वर्तमान में पानी की बर्बादी एवं शहर के बढ़ते प्रदूषित भू-जल स्तर पर चिन्ता प्रकट की। साथ ही वृक्षारोपण में स्थानीय प्रजाति के पेड़ लगाने पर बल दिया। उन्होंने मेहरानगढ़ पहाड़ी पर्यावरण विकास समिति द्वारा मेहरानगढ़ के आस-पास की पहाड़ियों पर किये जा रहे वृक्षारोपण कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वन विभाग के ए.सी.एफ. मदनसिंह बोड़ा ने जोधपुर में वृक्षारोपण के लिए किये जा रहे प्रयासों और विशेष योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वन विभाग में तैयार किये जा रहे लाखों पौधे कम कीमत पर दिये जायेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सेवानिवृत वन संरक्षक उमाराम चौधरी ने प्लास्टिक को हतोत्साहित कर अधिकाधिक पेड़ लगाने के कार्यों पर प्रकाश डाला एवं लोक गीतों द्वारा जन चेतना विकसित करने की बात पर बल दिया।
इस आयोजन में पर्यावरण प्रेमी सुभाष गहलोत, राकेश देवड़ा, जगदीश देवड़ा, बलवीर भाटी, देवेन्द्र सांखला, गजेन्द्र सोलंकी, अधिशाषी अभियन्ता जेडीए ओमप्रकाश सोलंकी, राजेश भैरवानी, राजेन्द्र शाह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन समिति अध्यक्ष प्रसन्नपुरी गोस्वामी द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *